crime

कल्याण पूर्व में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, ₹2.50 लाख के गहने-नकदी चोरी

कल्याण पूर्व के होम बाबा टेकड़ी इलाके में घर का ताला और कुंडी-कोयंडा तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 2.50 लाख रुपये के सोने के गहने और नकदी चोरी कर ली। घटना 23 से 26 सितंबर के बीच हुई। कोळसेवाडी पुलिस ने BNS की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी है।

Sonali06 अक्टू. 2026, 07:25 PM IST
खबर शेयर करें:
कल्याण पूर्व में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, ₹2.50 लाख के गहने-नकदी चोरी

कल्याण पूर्व के होम बाबा टेकड़ी इलाके में एक घर का ताला और कुंडी-कोयंडा तोड़कर चोरों ने करीब 2.50 लाख रुपये के सोने के गहने और नकदी चोरी कर ली। घटना 23 सितंबर की शाम से 26 सितंबर की शाम के बीच की बताई गई है। इस मामले में कोळसेवाडी पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3), 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता 17 वर्षीय युवती कल्याण पूर्व के बाबू भाई चाळ में अपने 15 वर्षीय छोटे भाई के साथ रहती है। उसके माता-पिता और बड़े भाई करीब डेढ़ वर्ष से आधारवाड़ी जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। शिकायत के मुताबिक, परिवार की आर्थिक मदद मानखुर्द, मुंबई में रहने वाली बड़ी बहन रुकसाना अंसारी करती है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 23 सितंबर को शाम करीब 4 बजे वह कल्याण पूर्व स्थित अपने घर की साफ-सफाई करने आई थी। साफ-सफाई के बाद शाम करीब 7 बजे घर के दरवाजे पर ताला लगाकर वह अपनी बहन के पास मानखुर्द चली गई। इसके बाद 26 सितंबर को परिवार के सदस्य आधारवाड़ी जेल में बंद माता-पिता और बड़े भाई से मिलने गए थे। इसी दौरान घर की देखरेख के लिए काम करने वाली महिला को फोन कर घर जाकर देखने के लिए कहा गया। महिला ने घर पहुंचने के बाद फोन पर बताया कि दरवाजे का ताला और कुंडी-कोयंडा टूटा हुआ है। इसके बाद शिकायतकर्ता, उसका छोटा भाई और बड़ी बहन शाम करीब 7 बजे घर पहुंचे। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था और लकड़ी की अलमारी खुली हुई थी। अलमारी के लॉकर में रखे सोने के गहने और नकदी गायब थी।

सोने के गहने और 1.50 लाख रुपये नकद चोरी

शिकायत के मुताबिक, चोर घर से करीब 50 हजार रुपये कीमत के 10 ग्राम वजन वाले सोने के झुमके, 25 हजार रुपये कीमत की 5 ग्राम की सोने की चेन और 25 हजार रुपये कीमत की 5 ग्राम वजन वाली सोने की दो कानबुगड़ी चोरी कर ले गए। इसके अलावा अलमारी में रखे 1.50 लाख रुपये नकद भी गायब थे। पुलिस के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये है। शिकायतकर्ता ने अज्ञात चोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोळसेवाडी पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 331(3), 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में आरोपी की पहचान अभी नहीं हो सकी है।