crime

फ्लाईदुबई फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर हमला, ओमानी को-पायलट ने भारतीय कैप्टन पर क्रैश एक्स से किया वार; विमान सुरक्षा पर उठे सवाल

30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में ओमानी को-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला कर दिया। हमले में कैप्टन गंभीर रूप से घायल हुए। जांच में सामने आया कि हमले में कॉकपिट में मौजूद क्रैश एक्स का इस्तेमाल किया गया था। भारतीय दूतावास के अनुसार कैप्टन अब ठीक हैं और तेजी से रिकवर कर रहे हैं। मामले में UAE, सऊदी अरब और इजरायल की जांच के साथ आरोपी के प्रत्यर्पण को लेकर कूटनीतिक पेच भी सामने आया है।

Kashish Rai02 अक्टू. 2026, 07:32 PM IST
खबर शेयर करें:
फ्लाईदुबई फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर हमला, ओमानी को-पायलट ने भारतीय कैप्टन पर क्रैश एक्स से किया वार; विमान सुरक्षा पर उठे सवाल

विमान में सुरक्षा को लेकर आम धारणा है कि एयरपोर्ट की कड़ी जांच के बाद कोई हथियार कॉकपिट तक नहीं पहुंच सकता। लेकिन 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में हुई घटना ने विमान की अंदरूनी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए। उड़ान के दौरान ओमानी को-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला कर दिया, जिसमें कैप्टन गंभीर रूप से घायल हो गए। जांच में सामने आया कि हमले में इस्तेमाल किया गया उपकरण बाहर से विमान में नहीं लाया गया था। को-पायलट ने कॉकपिट में मौजूद क्रैश एक्स का इस्तेमाल किया। निर्धारित श्रेणी के यात्री विमानों में इस तरह के आपातकालीन उपकरण रखना जरूरी होता है। इसका उद्देश्य किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि दुर्घटना या आग जैसी आपात स्थिति में यात्रियों और क्रू के लिए बाहर निकलने का रास्ता तैयार करना है।


विमान दुर्घटना के दौरान एयरफ्रेम मुड़ सकता है और सामान्य निकास द्वार जाम हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में क्रू सदस्य क्रैश एक्स की मदद से मलबा हटाने या विमान के कमजोर हिस्से को काटकर वैकल्पिक रास्ता बनाने की कोशिश कर सकते हैं। इसलिए इसे केवल विंडशील्ड तोड़ने वाला उपकरण समझना सही नहीं है। यह मूल रूप से आपातकालीन निकासी और जीवन बचाने के लिए रखा जाता है। इस घटना के बाद क्रैश एक्स जैसे सुरक्षा उपकरणों के संभावित दुरुपयोग को लेकर भी सवाल उठे हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, विमान के अंदर मौजूद एक अनिवार्य सुरक्षा उपकरण का इस तरह इस्तेमाल किए जाने का यह असामान्य मामला है।


UAE में भारतीय दूतावास ने गुरुवार को बताया कि भारतीय पायलट स्मित मच्छर अब ठीक हैं और तेजी से रिकवर कर रहे हैं। UAE में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने अस्पताल में कैप्टन और उनके परिवार से मुलाकात की। रिपोर्टों के मुताबिक, सऊदी अरब के तबुक शहर में इलाज के बाद कैप्टन को अबू धाबी शिफ्ट किया गया था। मामले में आरोपी ओमानी को-पायलट फिलहाल सऊदी अरब की हिरासत में है। विमान की आपात लैंडिंग के बाद उसे पकड़ा गया। इजरायल के नेशनल सिक्योरिटी मिनिस्टर इतामार बेन-गवीर ने आरोपी के प्रत्यर्पण की मांग करने की बात कही है, ताकि इजरायल में भी मामले की जांच आगे बढ़ाई जा सके। हालांकि, आरोपी को इजरायल लाने की प्रक्रिया आसान नहीं होगी। सऊदी अरब और ओमान के इजरायल के साथ औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं। वहीं, UAE ने भी मामले की जांच शुरू की है, क्योंकि विमान UAE में पंजीकृत है। इस वजह से घटना की जांच में अलग-अलग देशों की कानूनी और कूटनीतिक प्रक्रियाएं जुड़ गई हैं।