politics

उत्तर प्रदेश में सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस में खींचतान, अखिलेश बोले- ‘बात सीट की नहीं, जीत की है’

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर मतभेद बढ़ते नजर आ रहे हैं। इसी बीच अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन में कितनी सीटें किसे मिलती हैं, इससे ज्यादा जरूरी गठबंधन की जीत है। बीजेपी ने इस बयान पर पलटवार करते हुए सपा-कांग्रेस गठबंधन को ‘लठबंधन’ करार दिया।

Kashish Rai05 अक्टू. 2026, 02:40 PM IST
खबर शेयर करें:
उत्तर प्रदेश में सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस में खींचतान, अखिलेश बोले- ‘बात सीट की नहीं, जीत की है’

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है। दोनों दलों के नेताओं की बयानबाजी के बीच इंडिया गठबंधन में सीटों को लेकर अभी अंतिम सहमति नहीं बनी है। इसी बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर अपना रुख साफ किया है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि गठबंधन में किस पार्टी को कितनी सीटें मिलती हैं या कौन-सी सीट किसके हिस्से में जाती है, इससे ज्यादा महत्वपूर्ण गठबंधन की जीत सुनिश्चित करना है। उन्होंने लिखा, “मकसद जब साफ हो तो हाथ में हाथ होता है, निगाह मंजिल पर हो तो सफर आसान होता है।”


सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान के बीच अखिलेश ने गठबंधन के सहयोगी दलों को एकजुटता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि असली मुद्दा सीटों की संख्या नहीं, बल्कि गठबंधन की जीत है। अखिलेश ने इसे लोकतंत्र, संविधान, आरक्षण और सामाजिक सौहार्द की रक्षा की साझा लड़ाई बताया। अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन की जीत उन सभी लोगों की संयुक्त जीत होगी, जो लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने सांप्रदायिकता को रोकने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और देश की तरक्की को आगे बढ़ाने को साझा लक्ष्य बताया। अपने पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, “जय संविधान-जय हिंदुस्तान!”

अखिलेश यादव के बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया। बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर तंज कसते हुए इसे ‘गठबंधन’ की जगह ‘लठबंधन’ बताया। उन्होंने दावा किया कि दोनों दलों के नेता एक-दूसरे पर बयानबाजी कर रहे हैं और उनके बीच आपसी बातचीत की स्थिति भी ठीक नहीं है। राकेश त्रिपाठी ने कहा कि सपा के नेता कांग्रेस और कांग्रेस के नेता सपा को उसकी राजनीतिक हैसियत बता रहे हैं। उन्होंने दोनों दलों पर अहंकार की राजनीति करने का आरोप लगाया। यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर बातचीत और बयानबाजी का दौर जारी है।