crime

अमृतसर में आतंकी मॉड्यूल का खुलासा, AK-47 और 2 हैंड ग्रेनेड के साथ आरोपी गिरफ्तार

पंजाब के अमृतसर देहात में पुलिस ने एक कथित आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से AK-47, 9 कारतूस, 2 हैंड ग्रेनेड, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद हुई। जांच में पाकिस्तान और खाड़ी देशों में मौजूद कथित हैंडलरों से संपर्क की बात सामने आई है।

Kashish Rai05 अक्टू. 2026, 04:30 PM IST
खबर शेयर करें:
अमृतसर में आतंकी मॉड्यूल का खुलासा, AK-47 और 2 हैंड ग्रेनेड के साथ आरोपी गिरफ्तार

पंजाब के अमृतसर देहात में पुलिस ने एक कथित आतंकी मॉड्यूल का खुलासा करते हुए सराय अमानत खां निवासी 28 वर्षीय नवजोत सिंह चीमा उर्फ नवजोत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक उसके कब्जे से एक AK-47 राइफल, मैगजीन, 9 कारतूस, 2 हैंड ग्रेनेड, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बॉर्डर रेंज के आईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर के अनुसार, बरामद हथियार और गोला-बारूद पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI समर्थित कथित हैंडलरों और तस्करों ने ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में पहुंचाए थे। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क के तार पाकिस्तान के अलावा खाड़ी देशों में बैठे कथित हैंडलरों से भी जुड़े होने की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ट्रक ड्राइवर है और पहले सीमा पार से हेरोइन और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल रहा है। इस बार कथित विदेशी हैंडलरों ने उसे हथियारों की खेप उठाकर आगे पहुंचाने का काम सौंपा था। इसके बदले उसे 50 हजार रुपये देने का वादा किया गया था।


जांच के मुताबिक, आरोपी को हथियारों को पड़ोसी जिले में एक तय स्थान पर ले जाकर एक अज्ञात ‘कट-आउट’ को सौंपने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस का कहना है कि कथित हैंडलर अपनी पहचान छिपाने के लिए वर्चुअल नंबर और कट-आउट सिस्टम का इस्तेमाल करते थे। अमृतसर देहात पुलिस के मुताबिक यह इलाके में AK-47 की तीसरी बरामदगी है। आईजी ने हैंड ग्रेनेड की बरामदगी को गंभीर बताया है। मामले में थाना घरिंडा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, हथियारों के संभावित ठिकानों और तकनीकी कड़ियों की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए BSF के साथ मिलकर एंटी-ड्रोन टीमों और कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (CASO) के जरिए निगरानी बढ़ाई जा रही है।