crime
कल्याण के कोलसेवाड़ी पुलिस थाने में 7 दिन में 6 किडनेपिंग मामला दर्ज , दो युवतियां भी शिकार
कल्याण पूर्व में 25 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच 6 लोगों के लापता होने के मामले सामने आए हैं। इनमें युवक, युवती और कॉलेज छात्रा शामिल हैं। परिजनों की शिकायत पर कोलसेवाड़ी पुलिस ने मामले दर्ज कर सभी की तलाश शुरू कर दी है।

कल्याण पूर्व के कोलसेवाड़ी पुलिस थाना क्षेत्र में महज सात दिनों के भीतर छह लोगों के अपहरण (Kidnapping) के मामले सामने आए हैं। इनमें चार पुरुषों के साथ दो युवतियां भी शामिल हैं। 25 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 के बीच सामने आए इन मामलों में 30 वर्षीय आकाश महादेव शिंदे, 33 वर्षीय राहुल अशोक मेटकरी, 48 वर्षीय विजय गणपत कदम, 24 वर्षीय इकरा मारूफ खान, 18 साल 5 महीने की कॉलेज छात्रा प्रांजली बाळासाहेब साळवी और 22 वर्षीय मोहम्मद अम्मार खान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इनमें कुछ लोग काम, कॉलेज या अस्पताल जाने की बात कहकर घर से निकले थे, जबकि कुछ बिना किसी को बताए घर से बाहर चले गए। इसके बाद वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों, दोस्तों-रिश्तेदारों और कल्याण व विठ्ठलवाड़ी रेलवे स्टेशन परिसर में तलाश की। काफी तलाश के बाद भी जानकारी नहीं मिलने पर अलग-अलग परिजनों ने कोलसेवाड़ी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इन छह मामलों में सबसे पहले 25 सितंबर को नेतिवली निवासी 30 वर्षीय आकाश महादेव शिंदे काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले और वापस नहीं लौटे। इसके बाद 26 सितंबर को तिसगांव पाड़ा निवासी 48 वर्षीय विजय गणपत कदम घरवालों को बिना बताए बाहर निकले और उनका भी पता नहीं चला। 28 सितंबर को करपेवाड़ी निवासी 18 साल 5 महीने की कॉलेज छात्रा प्रांजली साळवी मुंबई के सिद्धार्थ कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकलीं, लेकिन वापस नहीं आईं। 29 सितंबर को सूचक नाका-रामनगर निवासी 24 वर्षीय इकरा मारूफ खान अपनी मां को अस्पताल जाने की बात कहकर घर से निकलीं, जबकि इसी दिन 22 वर्षीय मोहम्मद अम्मार खान हाथ में बैग लेकर घर से बाहर गए और वापस नहीं लौटे। इसके बाद 2 अक्टूबर को तिसगांव के चिकणीपाड़ा निवासी 33 वर्षीय राहुल अशोक मेटकरी भी घर लौटने की बात कहकर निकलने के बाद लापता हो गए। छह मामलों में दो युवतियों के शामिल होने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने सभी मामलों में BNS की धारा 140(3) के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस संबंधित लोगों के संभावित ठिकानों, मोबाइल फोन, दोस्तों, रिश्तेदारों और अन्य संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। रेलवे स्टेशनों और आसपास के इलाकों में भी तलाश की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितीन दौलतराव पागार के मार्गदर्शन में कोलसेवाड़ी पुलिस सभी छह मामलों की जांच कर रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इन मामलों से जुड़े किसी भी व्यक्ति के बारे में जानकारी मिलने पर तत्काल कोलसेवाड़ी पुलिस थाना या नजदीकी पुलिस से संपर्क करें।
