entertainment
दृश्यम 3 की थमी रफ्तार! मंगलवार को कमाई में आई गिरावट
अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने पांचवें दिन 19 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि पांच दिनों में भारत में इसकी कुल कमाई 216.50 करोड़ रुपये पहुंच गई है। वर्ल्डवाइड फिल्म 341.30 करोड़ रुपये कमा चुकी है।

अजय देवगन की नई फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। दृश्यम फ्रैंचाइजी की तीसरी फिल्म को रिलीज के पहले दिन से ही दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला। 62 करोड़ रुपये की ओपनिंग के बाद फिल्म ने पहले वीकेंड में भारत में 150 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन पार कर लिया था। कामकाजी दिनों में फिल्मों की कमाई में आमतौर पर गिरावट देखने को मिलती है और ‘दृश्यम 3’ भी इससे अछूती नहीं रही। हालांकि, फिल्म ने मंडे टेस्ट पास किया और मंगलवार को भी इसकी कमाई मजबूत रही। मंगलवार को फिल्म ने करीब 19 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही पांच दिनों में भारत में फिल्म की कुल कमाई 216.50 करोड़ रुपये पहुंच गई। रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को ‘दृश्यम 3’ के करीब 16 हजार शोज चलाए गए, जिनमें लगभग 23 फीसदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। वहीं, फिल्म के वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो अब तक यह करीब 341.30 करोड़ रुपये कमा चुकी है।
‘दृश्यम’ फ्रैंचाइजी की पिछली फिल्म ‘दृश्यम 2’ ने अपने लाइफटाइम रन में करीब 342-345 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था। ऐसे में ‘दृश्यम 3’ इस रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब पहुंच गई है। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए फिल्म के बुधवार को ही पिछले पार्ट की लाइफटाइम कमाई को पार करने की उम्मीद है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर पाएगी। फिल्म के पास फिलहाल कमाई के लिए एक बड़ा फायदा है। अगले करीब एक हफ्ते तक कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं हो रही है, जिससे ‘दृश्यम 3’ को सिनेमाघरों में ज्यादा समय और स्क्रीन मिलने की संभावना है।
इसके बाद 15 अक्टूबर को रजनीकांत की ‘जेलर 2’ रिलीज होने वाली है और 16 अक्टूबर को भी कई फिल्में सिनेमाघरों में दस्तक देंगी। ऐसे में ‘दृश्यम 3’ के पास अगले एक हफ्ते में अपनी कमाई को और मजबूत करने का मौका है। अब देखना होगा कि फिल्म इस मौके का कितना फायदा उठाती है और क्या अजय देवगन के करियर में पहली बार कोई फिल्म 500 करोड़ रुपये के क्लब में पहुंच पाती है।
