crime
बिजनौर में खूनी ट्रैक्टर कांड! शराब के विवाद के बाद लोगों पर चढ़ाया ट्रैक्टर, 3 की मौत
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में शराब के ठेके पर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर लोगों पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर चढ़ा दिया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला और आरोपी चालक घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग उठी। तनाव को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। जानकारी के मुताबिक, दत्तीयाना गांव के वीरेंद्र और जमालुद्दीनपुर के सतवीर के बीच शराब के ठेके पर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद शांत होने के बाद कुछ लोग सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि वीरेंद्र तेज रफ्तार ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंचा और लोगों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा टूट गया और ट्रैक्टर भी मौके पर पलट गया। इस घटना में उदयवीर और बाबूराम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल महेंद्र को परिजन बिजनौर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में कुल तीन लोगों की जान चली गई। घटना में एक महिला भी घायल हुई है, जिसका चांदपुर में इलाज चल रहा है। वहीं, ट्रैक्टर पलटने के बाद उसके नीचे दबकर घायल हुए आरोपी वीरेंद्र को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
