crime

सरपंच बनने के लिए गोपाल जाखड़ ने गर्लफ्रेंड के घर से चुराए ₹1.10 करोड़!

मध्य प्रदेश के इंदौर में एक युवक पर अपनी महिला मित्र के घर से करीब 1.10 करोड़ रुपये का कीमती सामान चोरी करने का आरोप है। राजस्थान के जोधपुर निवासी गोपाल जाखड़ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गांव में सरपंच का चुनाव लड़ने के लिए पैसे जुटाना चाहता था। उसके पास से सोने का बिस्किट, सोने की चेन, नकदी और एक iPhone बरामद किया गया है।

Kashish Rai10 अक्टू. 2026, 08:15 PM IST
खबर शेयर करें:
सरपंच बनने के लिए गोपाल जाखड़ ने गर्लफ्रेंड के घर से चुराए ₹1.10 करोड़!

मध्य प्रदेश के इंदौर में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर अपनी ही महिला मित्र के घर से करोड़ों रुपये का कीमती सामान चोरी करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से करीब 1.08 करोड़ से 1.10 करोड़ रुपये कीमत का सामान बरामद होने की जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान गोपाल जाखड़ उर्फ गोपी (25) के रूप में हुई है, जो राजस्थान के जोधपुर जिले के ग्राम गारासनी का रहने वाला है। यह मामला इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित बीसीएम पार्क, नेपानिया का है। शिकायत के अनुसार, घर की अलमारी से 10 अगस्त से 13 सितंबर 2026 के बीच कीमती सामान चोरी हुआ था। शुरुआत में चोरी गए सामान की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई गई थी।


जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 630 ग्राम वजन का सोने का बिस्किट, 40 ग्राम सोने की चेन, 2 लाख रुपये नकद और एक Apple iPhone 17 बरामद किया। पुलिस अब बरामद सामान और शिकायत में बताई गई कुल कीमत के अंतर की जांच कर रही है। साथ ही, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चोरी का कोई अन्य सामान अभी बरामद होना बाकी है या नहीं। पुलिस का दावा है कि गोपाल जाखड़ अपने गांव में सरपंच का चुनाव लड़ने की योजना बना रहा था और इसके लिए उसे पैसों की जरूरत थी।

 
आरोप है कि उसे अपनी महिला मित्र के घर में रखे सोने और अन्य कीमती सामान की जानकारी थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर चुनावी खर्च जुटाने और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरी की।पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी मोबाइल फोन बंद कर वहां से फरार हो गया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तलाशी के दौरान आरोपी तक पहुंच गई। फिलहाल उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि चोरी की पूरी घटना और अन्य संभावित बरामदगी के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।