crime
राजस्थान: खनन विवाद में पूर्व BJP विधायक अतर सिंह भड़ाना की पीट-पीटकर हत्या
राजस्थान के भरतपुर जिले में खनन लीज को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बयाना के पूर्व भाजपा विधायक अतर सिंह भड़ाना पर हमला किया गया। जयपुर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जबकि उनके निजी अंगरक्षक गंभीर रूप से घायल हैं।

राजस्थान के भरतपुर जिले में खनन लीज को लेकर हुए विवाद में बयाना के पूर्व भाजपा विधायक अतर सिंह भड़ाना की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना वैर थाना क्षेत्र के भौंडा गांव के पास हुई। गंभीर रूप से घायल भड़ाना को इलाज के लिए जयपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हमले में उनके निजी अंगरक्षक गगन शर्मा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, भौंडा गांव के पास स्थित खनन लीज अतर सिंह भड़ाना की पत्नी कमलेश भड़ाना के नाम पर थी। खदान से निकलने वाले पत्थर का इस्तेमाल कांच के लेंस बनाने में किया जाता है। बताया जा रहा है कि खनन कारोबार को लेकर स्थानीय स्तर पर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि खदान में काम देने और स्थानीय लोगों को नियमित भुगतान करने की व्यवस्था थी। करीब दो साल पहले कुछ स्थानीय नेताओं ने भुगतान बढ़ाने की मांग की थी। मांग पूरी नहीं होने के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने लगा। धीरे-धीरे विवाद गहराता गया और ग्रामीणों के अलग-अलग गुट बन गए। विवाद के बीच ग्रामीणों के एक समूह ने खदान तक जाने वाला रास्ता यह कहते हुए रोक दिया कि संबंधित जमीन गांव की चरागाह भूमि है। इसके बाद खनन कार्य शुरू करने को लेकर गतिरोध बना रहा। हाल ही में पूर्व विधायक अपने समर्थकों के साथ खदान की ओर पहुंचे, जहां ग्रामीण धरने पर बैठे थे। इसी दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमले में 50 से अधिक लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है। हालांकि, हमलावरों की संख्या और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में अलग-अलग जगहों पर दबिश दी जा रही है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अतर सिंह भड़ाना मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले थे। वह वर्ष 2003 से 2008 तक भाजपा के टिकट पर बयाना विधानसभा सीट से विधायक रहे थे। पुलिस खनन लीज विवाद और हमले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
