crime
मुर्शिदाबाद में फर्जी लेफ्टिनेंट कर्नल गिरफ्तार, सेना में नौकरी के नाम पर ठगी
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में खुद को भारतीय सेना का लेफ्टिनेंट कर्नल बताने वाले तरुण दास को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर सेना में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से पैसे वसूलने का आरोप है। पुलिस ने उसके पास से ‘भारत सरकार’ लिखा वाहन, फर्जी पहचान पत्र, वॉकी-टॉकी और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी की 10 दिन की रिमांड मांगी है।

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में भारतीय सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी करने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान तरुण दास के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह खुद को कभी भारतीय सेना का लेफ्टिनेंट कर्नल तो कभी मिलिट्री इंटेलिजेंस का वरिष्ठ अधिकारी बताता था। सेना की वर्दी पहनकर और फर्जी पहचान पत्रों का इस्तेमाल करके वह लोगों का भरोसा जीतता था। इसके बाद सेना में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूलता था। इस मामले में मुर्शिदाबाद के नबाग्राम पुलिस स्टेशन और कोलकाता आर्मी इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। अधिकारियों को तरुण दास की संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद मिलिट्री इंटेलिजेंस की टीम उस पर नजर रख रही थी। खुफिया जानकारी के आधार पर रविवार रात संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसमें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक चार पहिया वाहन जब्त किया है, जिस पर ‘भारत सरकार’ लिखा हुआ स्टिकर लगा था। तलाशी के दौरान तीन वॉकी-टॉकी, कई मोबाइल फोन, फर्जी पहचान पत्र और संदिग्ध दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। पुलिस को शक है कि इन सामानों का इस्तेमाल लोगों के बीच अपनी फर्जी पहचान मजबूत करने और कथित ठगी को अंजाम देने के लिए किया जाता था। हालांकि, बरामद सामान और ठगी में उनकी भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सोमवार को तरुण दास को लालबाग सब-डिविजनल कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने मामले की गहराई से जांच और पूछताछ के लिए आरोपी की 10 दिन की रिमांड मांगी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को सेना में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस कथित धोखाधड़ी में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेजों और बरामद सामान की भी जांच कर रही है।
