crime

फरीदाबाद के होटल में आगरा की युवती की मौत, प्रेमी फरार; आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज

हरियाणा के फरीदाबाद में एक निजी होटल के कमरे में 25 वर्षीय अदिति का शव मिला। वह आगरा की रहने वाली थी और पिछले तीन दिनों से अपने प्रेमी हेमंत शर्मा के साथ होटल में ठहरी थी। घटना के बाद से हेमंत फरार है। पुलिस ने उसके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Kashish Rai14 अक्टू. 2026, 05:47 PM IST
खबर शेयर करें:
फरीदाबाद के होटल में आगरा की युवती की मौत, प्रेमी फरार; आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज

हरियाणा के फरीदाबाद में एक निजी होटल के कमरे में 25 वर्षीय युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवती की पहचान उत्तर प्रदेश के आगरा की रहने वाली अदिति के रूप में हुई है। वह पिछले तीन दिनों से अपने प्रेमी हेमंत शर्मा के साथ सेक्टर-11 स्थित एक होटल में ठहरी हुई थी। घटना के बाद से हेमंत फरार है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, अदिति तीन दिन पहले परिवार को बताए बिना आगरा से फरीदाबाद आई थी। यहां वह हेमंत शर्मा के साथ सेक्टर-11 स्थित एक निजी होटल के कमरा नंबर 204 में रुकी हुई थी। दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध थे। हेमंत मूल रूप से आगरा का रहने वाला है, लेकिन काफी समय से फरीदाबाद में रह रहा था और एक निजी कंपनी में काम करता था।


घटना का पता देर रात चला, जब होटल के कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खुला देखा। अंदर अदिति का शव फंदे से लटका हुआ मिला। होटल कर्मचारियों ने तुरंत होटल मालिक को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। सूचना मिलते ही सेक्टर-11 पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया। घटना रात करीब 10 बजे के बाद की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, हेमंत घटना वाली रात होटल से चला गया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हेमंत किन परिस्थितियों में होटल से गया और घटना से पहले कमरे में क्या हुआ था।


फरीदाबाद पुलिस के पीआरओ यशपाल के मुताबिक, हेमंत शर्मा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस होटल में मौजूद लोगों से पूछताछ करने और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है। फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अदिति की मौत किन परिस्थितियों में हुई। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना से जुड़े कई सवालों के जवाब स्पष्ट हो सकेंगे।