crime
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 21वीं मंजिल से गिरकर युवक की मौत, पत्नी से विवाद के बीच हादसा
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सेंचुरियन पार्क ट्रॉपिकल गार्डन सोसाइटी में 21वीं मंजिल से गिरकर हर्षित लवानिया की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह पत्नी से विवाद के चलते पिछले छह महीने से अलग रह रहे थे। घटना के दिन पत्नी फ्लैट पर पहुंची थीं। इसी दौरान हर्षित ने बालकनी के रास्ते बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक सोसाइटी की 21वीं मंजिल से गिरकर युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान हर्षित लवानिया के रूप में हुई है। घटना बिसरख थाना क्षेत्र की सेंचुरियन पार्क ट्रॉपिकल गार्डन सोसाइटी में हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हर्षित का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था और वह पिछले छह महीने से उनसे अलग रह रहे थे। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम हर्षित की पत्नी अचानक उनके फ्लैट पर पहुंचीं और दरवाजा खटखटाया। बताया जा रहा है कि विवाद की आशंका के चलते हर्षित ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद उनकी पत्नी सुरक्षा कर्मियों को साथ लेकर आईं और दरवाजा खुलवाने का प्रयास करने लगीं। इसी दौरान हर्षित ने बालकनी के रास्ते निकलकर नीचे की मंजिल की ओर जाने की कोशिश की। तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल हर्षित को सोसाइटी के लोग तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
