crime
टाइगर श्रॉफ की BMW पर फायरिंग के लिए ट्रेन से पहुंचे हथियार! लॉरेंस गैंग की 2 महिला कुरियर समेत 4 गिरफ्तार
मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की BMW कार पर फायरिंग के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों महिलाएं ट्रेन से हथियार लेकर मुंबई पहुंची थीं और वहां लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक कथित हैंडलर को हथियार सौंपे थे। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के जरिए हथियारों की सप्लाई के नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की BMW कार पर फायरिंग के मामले में जांच तेज हो गई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हथियारों की सप्लाई से जुड़े कथित नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि गिरफ्तार महिलाएं लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए हथियार पहुंचाने का काम करती थीं और ट्रेन से हथियार लेकर मुंबई गई थीं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुणाल, सुमित, राधा और बबिता के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, कुणाल की उम्र 21 साल और सुमित की उम्र 19 साल है। वहीं, राधा और बबिता दोनों 23 साल की हैं। राधा उत्तर प्रदेश के सीतापुर और बबिता आजमगढ़ की रहने वाली बताई गई हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों महिलाएं मुंबई में गैंग के एक कथित हैंडलर को हथियार सौंपने के बाद ट्रेन से वापस लौट रही थीं, तभी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
जांच में कुणाल की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, वह हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था। एक दोस्त के जरिए उसकी पहचान अनिल पंडित से हुई थी। इसके बाद दोनों एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए संपर्क में थे। पुलिस का आरोप है कि अनिल पंडित के निर्देश पर कुणाल अमृतसर गया, जहां से उसने एक पिस्तौल और 20 कारतूस जुटाए। इसके बाद हथियारों को मुंबई पहुंचाने की व्यवस्था की गई। चारों आरोपियों को अदालत में पेश किए जाने के बाद महाराष्ट्र पुलिस की अपराध जांच विभाग (CID) ने उनकी औपचारिक गिरफ्तारी और हिरासत में पूछताछ की अनुमति मांगी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। मुंबई पुलिस को आरोपियों की तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क कितना बड़ा है और फायरिंग की घटना में गिरफ्तार आरोपियों की क्या भूमिका रही।
