crime

देवरिया में दशहरा मेला देखकर लौट रहे दो दोस्तों की हत्या, बदमाशों ने धारदार हथियारों से किया हमला

उत्तर प्रदेश के देवरिया में दशहरा मेला देखकर बाइक से घर लौट रहे विनय यादव और वकील यादव की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी। मईल थाना क्षेत्र के बढ़या हरदो के पास हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए तीन टीमें गठित की हैं। समाजवादी पार्टी के सांसद रमाशंकर राजभर ने सात दिन के भीतर घटना का खुलासा करने की मांग की है।

Kashish Rai22 अक्टू. 2026, 03:14 PM IST
खबर शेयर करें:
देवरिया में दशहरा मेला देखकर लौट रहे दो दोस्तों की हत्या, बदमाशों ने धारदार हथियारों से किया हमला

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में मंगलवार देर रात दो दोस्तों की हत्या का मामला सामने आया है। मृतकों की पहचान विनय यादव और वकील यादव के रूप में हुई है। दोनों दशहरा मेला देखकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मईल थाना क्षेत्र के बढ़या हरदो के पास रामजानकी मार्ग पर अज्ञात बदमाशों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक, विनय यादव ग्राम इटहुआ हजाम के निवासी थे और गोरखपुर आवास विकास में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। वहीं, वकील यादव करजहा के निवासी थे और रेलवे विभाग में गेटमैन के रूप में काम करते थे। मंगलवार रात दोनों दोस्त लार क्षेत्र में दशहरा मेला देखने गए थे। मेला देखने के बाद वे बाइक से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।


घटना के बाद दोनों के शव सड़क किनारे पड़े मिले। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने इसकी सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है। उधर, सलेमपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद रमाशंकर राजभर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सात दिन के भीतर घटना का खुलासा करने की मांग की। सांसद ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में मामले का पर्दाफाश नहीं हुआ तो मईल थाने का घेराव किया जाएगा। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।