crime
उन्नाव में पत्नी ने पड़ोसी के साथ मिलकर पति की हत्या की, बक्से में शव भरकर हाईवे किनारे फेंका
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में रायबरेली-उन्नाव हाईवे किनारे लोहे के बक्से में मिले सोनू के शव की गुत्थी पुलिस ने 12 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, पति के साथ घरेलू विवाद के चलते पत्नी ने पड़ोसी के साथ मिलकर उसकी हत्या की और शव को बक्से में बंद कर हाईवे किनारे फेंक दिया। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मेरठ के चर्चित ड्रम कांड के बाद अब बक्से में शव मिलने का मामला सामने आया है। रायबरेली-उन्नाव हाईवे पर लोहे के बक्से में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई है। इस मामले में उसकी पत्नी नेहा रावत पर पड़ोसी के साथ मिलकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने कोतवाली सदर, स्वाट और सर्विलांस टीम की मदद से मामले का खुलासा करने का दावा किया है। जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 की रात पुलिस को सूचना मिली कि रायबरेली-उन्नाव हाईवे पर हेल्थ अस्पताल के सामने एक बड़ा लोहे का बक्सा संदिग्ध हालत में रखा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बक्सा खोला तो उसके अंदर चादर और कंबल में लिपटा एक पुरुष का शव मिला। मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई। इसके बाद मृतक के भाई आशु की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज किया।
मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पांच टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान UP 35 AT 1938 नंबर का एक लोडर संदिग्ध दिखाई दिया। फुटेज में लोडर से बक्सा लाते और बाद में खाली लौटते हुए देखा गया। वाहन मालिक राजेश गुप्ता से पूछताछ के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी नेहा रावत (40) ने पूछताछ में बताया कि उसकी शादी सोनू से करीब सात से आठ साल पहले हुई थी और उनका पांच साल का बेटा भी है। आरोप है कि सोनू के शराब पीने और घरेलू झगड़ों से परेशान होकर नेहा ने 19 और 20 अक्टूबर की दरमियानी रात अपने पड़ोसी जितेंद्र सिंह उर्फ राहुल (35) के साथ मिलकर उस पर सिलबट्टे के बट्टे से हमला किया। पुलिस के अनुसार, इसके बाद कंबल से उसका मुंह और नाक दबाकर हत्या कर दी गई।
पुलिस की जांच के अनुसार, वारदात के बाद शव को चादर और कंबल में लपेटकर लोहे के बक्से में बंद किया गया। फिर 1,200 रुपये में एक लोडर किराए पर लिया गया। आरोप है कि सहयोगी तौहीद (25) और एक बाल अपचारी की मदद से बक्से को हाईवे किनारे फेंक दिया गया। इसके बाद आरोपी वहां से चले गए। पुलिस ने इस मामले में नेहा रावत, जितेंद्र सिंह उर्फ राहुल और तौहीद को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया बट्टा, लोहे का बक्सा और लोडर भी बरामद करने की जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
