crime
महाराष्ट्र: छत्रपति संभाजीनगर में कार से स्कूटी को टक्कर मारकर युवक की हत्या, रॉड से पीटकर मार डाला
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में सिडको के एन-7 इलाके में देवेश उर्फ बंटी दीक्षित की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। आरोप है कि पवन पराशर ने पहले कार से उनकी स्कूटी को टक्कर मारी और फिर लोहे की रॉड व हॉकी स्टिक से हमला किया। पुरानी रंजिश और व्यावसायिक विवाद को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। आरोपी वारदात के बाद खुद पुलिस थाने पहुंच गया।

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में दिनदहाड़े हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सिडको के एन-7 इलाके में गुरुवार को देवेश उर्फ बंटी दीक्षित की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि पवन पराशर ने पहले अपनी कार से बंटी की स्कूटी को पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद जब बंटी सड़क पर गिर गए, तो आरोपी ने लोहे की रॉड और हॉकी स्टिक से उनके सिर और चेहरे पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण बंटी की मौके पर ही मौत हो गई। व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक, बंटी दीक्षित जिम से लौट रहे थे। इसी दौरान बजरंग चौक के पास आरोपी पवन पराशर ने अपनी कार से उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बंटी सड़क पर गिर गए, जबकि उनकी स्कूटी कुछ दूर तक घिसटती चली गई। आरोप है कि इसके बाद पवन ने कार रोकी और बंटी के पास पहुंचकर उन पर लोहे की रॉड और हॉकी स्टिक से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में बंटी गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद आरोपी पवन पराशर खुद सिडको पुलिस थाने पहुंच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बंटी दीक्षित और पवन पराशर के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच पुरानी रंजिश के साथ-साथ व्यावसायिक विवाद होने की बात भी सामने आई है। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।बताया जा रहा है कि बंटी दीक्षित मेस चलाने के साथ-साथ प्लॉटिंग के कारोबार से भी जुड़े हुए थे। ऐसे में पुलिस उनके व्यावसायिक लेन-देन और आरोपी के साथ हुए पुराने विवादों की भी पड़ताल कर सकती है। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि हत्या किस वजह से की गई। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम और वारदात के पीछे के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार को जब्त कर लिया है। हमले में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी पुलिस के कब्जे में है। इन सबूतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश करने की कार्रवाई कर रही है। अब जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि वारदात से पहले दोनों के बीच क्या हुआ था और क्या हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
