general

कल्याण-डोंबिवली में आवारा कुत्तों की समस्या से मिलेगी निजात, KDMC ला रहा है हाईटेक AI मोबाइल ऐप

कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (KDMC) के नागरिकों के लिए एक राहत भरी खबर है। शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या और उनके प्रबंधन को लेकर नगर निगम प्रशासन एक बड़ा और आधुनिक कदम उठाने जा रहा है। KDMC के स्वास्थ्य विभाग ने आवारा कुत्तों की डिजिटल पहचान, उनके स्वास्थ्य का रिकॉर्ड रखने और नसबंदी व टीकाकरण (ABC/CNVR प्रोग्राम) की सटीक ट्रैकिंग के लिए एक एडवांस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित मोबाइल एप्लीकेशन और लाइव डैशबोर्ड तैयार करने का फैसला किया है। इस डिजिटल तकनीक के आने से स्थानीय लोगों को आवारा कुत्तों के आतंक से सुरक्षा मिलेगी और उनके प्रबंधन में पारदर्शिता आएगी।

Vinod Tiwari26 अक्टू. 2026, 03:22 PM IST
खबर शेयर करें:
कल्याण-डोंबिवली में आवारा कुत्तों की समस्या से मिलेगी निजात, KDMC ला रहा है हाईटेक AI मोबाइल ऐप

KDMC का स्वास्थ्य विभाग अब पारंपरिक तरीकों को छोड़कर पूरी तरह डिजिटल और हाईटेक होने जा रहा है। इसके लिए KDMC ने एक खास 'AI-बेस्ड ह्यूमन स्ट्रीट डॉग मैनेजमेंट मोबाइल एप्लीकेशन' विकसित करने के लिए ई-टेंडर  जारी कर दिया है।
इस तकनीक का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को जागरूक व सुरक्षित रखना और पशु कल्याण नियमों के तहत शहर में कुत्तों की आबादी को नियंत्रित करना है।
बिना कॉलर या माइक्रोचिप के होगी कुत्तों की पहचान
इस ऐप की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि इसमें आवारा कुत्तों की पहचान के लिए उनके शरीर पर कोई चिप या कॉलर लगाने की जरूरत नहीं होगी। ऐप का AI इंजन कुत्ते के चेहरे (Muzzle), त्वचा के पैटर्न और शारीरिक बनावट को स्कैन करके उसकी डिजिटल बायोमेट्रिक पहचान कर लेगा। इसके साथ ही हर कुत्ते को 12 से 16 अंकों का एक यूनिवर्सिटी एनिमल आइडेंटिफिकेशन नंबर (UAIN) और एक यूनिक QR कोड दिया जाएगा।
नागरिकों, संस्थाओं और निगम के लिए एक ही ऐप
यह मोबाइल एप्लीकेशन शहर के तीन प्रमुख स्तंभों को एक साथ जोड़ेगी:
  1. आम नागरिक और डॉग फीडर्स (PraniMitra): नागरिक इस ऐप पर खुद का और अपने क्षेत्र के कुत्तों का रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। वे फीडिंग स्पॉट को जियो-मैप कर सकेंगे और कुत्तों के स्वास्थ्य व टीकाकरण की स्थिति देख सकेंगे।
  1. NGO और फील्ड टीमें: कुत्तों को पकड़ने (Catch), नसबंदी (Neuter), टीकाकरण (Vaccinate) और वापस उसी जगह छोड़ने (Release) की पूरी प्रक्रिया की इस ऐप के जरिए लाइव जीपीएस ट्रैकिंग होगी।
  1. नगर निगम प्रशासन (KDMC): निगम के अधिकारी लाइव डैशबोर्ड और वार्ड-वार हीटमैप के जरिए यह देख सकेंगे कि किस इलाके में नसबंदी का कितना काम हुआ है और कहाँ अभी काम बाकी है।
शिकायत निवारण और सुरक्षा को मिलेगा बल
स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए इस प्रोजेक्ट में एक वैकल्पिक शिकायत निवारण (Complaint Redressal) सिस्टम भी जोड़ा जा रहा है, जिससे नागरिक आवारा या पालतू कुत्तों से जुड़ी कोई भी शिकायत सीधे ऐप पर दर्ज कर सकेंगे और उसकी प्रगति को ट्रैक कर सकेंगे। डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहे, इसके लिए ब्लॉकचेन (Blockchain) सुरक्षा तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।
टेंडर प्रक्रिया हुई शुरू
KDMC के स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी के मुताबिक, इस पूरे सिस्टम को तैयार करने और लागू करने के लिए कंपनियों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। इच्छुक एजेंसियां 22 अक्टूबर 2026 से 28 अक्टूबर 2026 (दोपहर 2:00 बजे तक) महाटेंडर्स पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकती हैं। टेंडर मिलने के बाद कंपनी को 1 महीने के भीतर यह ऐप पूरी तरह चालू करके देना होगा, जिसके बाद यह सेवा कल्याण-डोंबिवली के नागरिकों के लिए लाइव हो जाएगी।