general
कल्याण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आंबिवली की ईरानी बस्ती से मकोका के तीन शातिर ड्रग तस्कर गिरफ्तार
कल्याण की आंबिवली स्थित ईरानी बस्ती में पुलिस के विशेष दस्ते ने एक गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने मकोका कानून के तहत आरोपी रह चुके और लंबे समय से फरार तीन शातिर ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।कल्याण, पुणे और बदलापुर पुलिस स्टेशनों के 30 से अधिक पुलिसकर्मियों ने पूरी बस्ती की घेराबंदी कर एक घर में छिपे तस्करों को रंगे हाथों पकड़ा।पकड़े गए आरोपियों में शमा ईरानी, नफीसा ईरानी और मोहम्मद गुलाम हुसैन जाफरी उर्फ शाहरुख शामिल हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी शाहरुख के पास से करीब 8 लाख रुपये मूल्य की एमडी ड्रग्स भी बरामद की है।

कल्याण पुलिस के विशेष दस्ते ने बुधवार को आंबिवली स्थित ईरानी बस्ती में अचानक घेराबंदी और छापेमारी कर मकोका के तहत आरोपी रह चुके तीन शातिर ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया।लंबे समय से कल्याण, पुणे और बदलापुर पुलिस स्टेशन क्षेत्रों में वांटेड चल रहे इन तस्करों की ईरानी बस्ती में मौजूदगी की गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की, ताकि क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार और संगठित अपराधों पर नकेल कसी जा सके।कल्याण के सहायक पुलिस आयुक्त अशोक होनमाने को गोपनीय सूचना मिली थी कि तीन कुख्यात अपराधी आंबिवली की ईरानी बस्ती में छिपकर रह रहे हैं। इसके बाद पुलिस उपायुक्त अतुल झेंडे के निर्देशानुसार खड़कपाड़ा, कोलसेवाड़ी, बाजारपेठ और महात्मा फुले पुलिस स्टेशनों के 30 से अधिक पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया।पुलिस को देखते ही बस्ती में भगदड़ मच गई। आरोपियों ने एक घर में खुद को बंद कर लिया था। पुलिस द्वारा बार-बार आवाज देने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खोला गया, तो पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा खुलवाया और भागने की फिराक में लगे तीनों तस्करों को रंगे हाथों धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान शमा तहजीब ईरानी (38 वर्ष), मोहम्मद गुलाम हुसैन जाफरी उर्फ शाहरुख (35 वर्ष) और नफीसा हाशमी ईरानी (33 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में आरोपी मोहम्मद गुलाम हुसैन जाफरी उर्फ शाहरुख के पास से लगभग 8 लाख रुपये मूल्य का एमडी ड्रग्स भी बरामद किया गया है।गिरफ्तार आरोपियों में से नफीसा ईरानी मानपाडा पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले में मकोका कानून के तहत वांछित थी। शमा ईरानी पर खड़कपाड़ा और रेलवे पुलिस स्टेशन में मामले दर्ज हैं। वहीं, मुख्य ड्रग तस्कर शाहरुख पर बदलापुर और पुणे के वाकड पुलिस स्टेशन में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे सहायक पुलिस आयुक्त अशोक होनमाने ने बताया, "हमें इन आरोपियों के बस्ती में छिपे होने की सटीक जानकारी मिली थी। हमने पूरे घर को चारों तरफ से घेर लिया था। इन तीनों शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी से कल्याण, बदलापुर और पुणे क्षेत्र में दर्ज कई अनसुलझे अपराधों का खुलासा होने की संभावना है।"
