general

डोंबिवली लोकल हादसे का पर्दाफाश, तीन महीने की गर्भवती नाबालिग ने दी जान, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

डोंबिवली रेलवे स्टेशन के पास लोकल ट्रेन की चपेट में आने से हुई नाबालिग लड़की की मौत के मामले में जीआरपी पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती जांच में हादसा नजर आ रही यह घटना असल में आत्महत्या निकली, जिसमें जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमी राज पकड को गिरफ्तार कर लिया है।

Khushi19 अग. 2026, 10:01 AM IST
खबर शेयर करें:
डोंबिवली लोकल हादसे का पर्दाफाश, तीन महीने की गर्भवती नाबालिग ने दी जान, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार
डोंबिवली: डोंबिवली रेलवे स्टेशन परिसर में कुछ दिनों पहले एक नाबालिग लड़की का शव मिला था। कल्याण रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने शुरुआत में इसे एक दुर्घटना मानते हुए एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की थी। हालांकि, पुलिस को घटना स्थल और परिस्थितियों पर संदेह होने के कारण विस्तृत जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए और उसके मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर तकनीकी विश्लेषण शुरू किया। कॉल डिटेल्स, इंस्टाग्राम चैट और सोशल मीडिया मैसेज खंगालने पर पता चला कि लड़की राज पकड नाम के युवक के संपर्क में थी। दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी और धीरे-धीरे उनकी बातचीत नजदीकियों में बदल गई थी।

इसी बीच, मृतका का पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आया जिसने मामले को नया मोड़ दे दिया। रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि मृतका तीन महीने की गर्भवती थी। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने राज पकड को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, जिसमें उसने नाबालिग के साथ संबंध होने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को लोहमार्ग (जीआरपी) अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे २० अगस्त तक पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया है।सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुए प्रेम संबंध और उसके बाद बने शारीरिक संबंधों के कारण नाबालिग लड़की तीन महीने की गर्भवती हो गई थी। घटना के उजागर होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। यह मामला सोशल मीडिया पर नाबालिगों की सुरक्षा और बढ़ते अपराधों को लेकर गंभीर चिंता पैदा करता है।

मामले की जानकारी देते हुए जीआरपी के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "शुरुआती जांच में यह केवल एक रेल हादसा लग रहा था, लेकिन मोबाइल चैट विश्लेषण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हुआ कि मामला आत्महत्या और यौन उत्पीड़न से जुड़ा है। आरोपी राज पकड ने अपराध स्वीकार कर लिया है और उसे २० अगस्त तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है।"