crime

बागपत में इलेक्ट्रिशियन की हत्या, पति-पत्नी ने हथौड़े और लोहे की रॉड से किया हमला l

उत्तर प्रदेश के बागपत में एक इलेक्ट्रिशियन की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि चाय की दुकान चलाने वाले पति-पत्नी ने विवाद के बाद इलेक्ट्रिशियन पर हथौड़े और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या की वजह को लेकर पुलिस अवैध संबंध, कथित आपत्तिजनक वीडियो और ब्लैकमेलिंग समेत अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है।

Kashish Rai11 सित. 2026, 07:48 PM IST
खबर शेयर करें:
बागपत में इलेक्ट्रिशियन की हत्या, पति-पत्नी ने हथौड़े और लोहे की रॉड से किया हमला l

उत्तर प्रदेश के बागपत में सुबह-सुबह एक मार्केट में हुई हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई। बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के खत्री गढ़ी इलाके में एक इलेक्ट्रिशियन पर हथौड़े और लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में चाय की दुकान चलाने वाले पति-पत्नी को हिरासत में लिया है। जानकारी के मुताबिक, राहुल अपनी पत्नी सोनिया के साथ मार्केट में चाय की दुकान चलाता है। उनकी दुकान के ठीक सामने विकास इलेक्ट्रॉनिक नाम की दुकान है, जहां शिकोहपुर गांव का रहने वाला दीपेंद्र इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर पहले से विवाद चल रहा था।


घटना के दिन सुबह मार्केट में दुकानें खुल ही रही थीं। इसी दौरान राहुल और दीपेंद्र के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर मामला मारपीट तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि राहुल की पत्नी सोनिया भी मौके पर पहुंची और उसने राहुल का साथ दिया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर दीपेंद्र को जमीन पर गिरा दिया और इसके बाद उस पर हथौड़े और लोहे की रॉड से हमला किया। मार्केट में अचानक हुई इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दीपेंद्र को अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या की वजह पर अलग-अलग दावे

पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की वजह को लेकर कई बातें सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, दीपेंद्र और सोनिया की दुकानें आमने-सामने थीं और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने की बात कही जा रही है। आरोप है कि दोनों के बीच संबंध थे और दीपेंद्र के पास सोनिया से जुड़ा एक आपत्तिजनक वीडियो था। इसके बाद कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग को लेकर विवाद बढ़ा। वहीं, मृतक दीपेंद्र के भाई सतेंद्र ने हत्या की वजह अलग बताई है। उसका कहना है कि दीपेंद्र ने राहुल और उसकी पत्नी को पैसे उधार दिए थे और वह अपने पैसे वापस मांग रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि आरोपी दंपति दीपेंद्र को झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी देते थे।


हालांकि, पुलिस ने अभी किसी एक वजह को हत्या का अंतिम कारण नहीं माना है। पुलिस सभी दावों और आरोपों की जांच कर रही है। सीओ बड़ौत अंशु जैन के मुताबिक, सुबह राहुल और दीपेंद्र के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद मारपीट हुई, जिसमें दीपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना में पति-पत्नी की भूमिका सामने आई है और दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब हत्या की असली वजह, आपसी विवाद और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।