general
ठाणे पुलिस बल और उनके परिजनों के लिए 22-23 अगस्त को विशेष कैंसर जांच शिविर का आयोजन
ठाणे शहर पुलिस आयुक्तालय द्वारा पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए दो दिवसीय निःशुल्क कैंसर जांच शिबिर का आयोजन किया जा रहा है। 22 और 23 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले इस शिविर में विभिन्न प्रकार के कैंसर की आधुनिक तकनीकों से जांच और विशेषज्ञों द्वारा आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया जाएगा।

ठाणे शहर पुलिस आयुक्तालय और 'असनज हेल्थकेयर एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन' (AHERF) के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस परिवार के स्वास्थ्य कल्याण के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।
पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय-2, ठाणे शहर) विवेक पानसरे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह कैंसर जांच शिविर ठाणे स्थित 'सिद्धि हॉल' में आयोजित किया गया है। शिविर का समय 22 और 23 अगस्त 2026 को सुबह 9:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
शिविर में मिलेंगी ये प्रमुख जांच सुविधाएं:
* महिला स्वास्थ्य जांच: महिलाओं के लिए ब्रेस्ट स्क्रीनिंग/स्कैनिंग (Breast Screening/Scanning) और आवश्यकता पड़ने पर पैप स्मीयर (Pap Smear) टेस्ट की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
* पुरुष स्वास्थ्य जांच: पुरुषों के लिए प्रोस्टेट स्क्रीनिंग (Prostate Screening) की जांच की जाएगी।
* अन्य कैंसर स्क्रीनिंग: सभी के लिए सिर और गर्दन (Head & Neck) तथा ओरल कैंसर (Oral Cancer/मुंह का कैंसर) की स्क्रीनिंग की जाएगी।
* काउंसलिंग व मार्गदर्शन: जांच रिपोर्ट के आधार पर डॉक्टरों द्वारा आवश्यक मेडिकल काउंसलिंग और आगे के उपचार के लिए उचित मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।
पुलिस आयुक्त ने की लाभ उठाने की अपील:
ठाणे शहर के पुलिस आयुक्त ने आयुक्तालय के सभी पुलिस अधिकारियों, अंमलदारों (कर्मचारियों), मंत्रालयीन कर्मियों, अंशकालीन कर्मचारियों और उनके परिवारजनों से इस स्वास्थ्य शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी जांच कराने और इसका लाभ उठाने का आह्वान किया है।
