law-order

महाराष्ट्र: गुटखा-पान मसाला बेचने वालों पर पुलिस का कड़ा शिकंजा, अब ‘100’ और ‘112’ पर डायल कर सीधे करें शिकायत

महाराष्ट्र में प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला, सुगंधित सुपारी और सुगंधित तंबाकू के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अब राज्य का कोई भी नागरिक प्रतिबंधित खाद्य एवं तंबाकू पदार्थों के अवैध निर्माण, भंडारण, परिवहन या बिक्री की शिकायत सीधे पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100 या आपातकालीन नंबर 112 (Dial 112) पर दर्ज करा सकेगा। पुलिस महानिदेशक कार्यालय (DGP Office) की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सूचना मिलते ही संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर कानूनी कार्रवाई करेगी।

Vinod Tiwari27 अग. 2026, 07:40 PM IST
खबर शेयर करें:
महाराष्ट्र: गुटखा-पान मसाला बेचने वालों पर पुलिस का कड़ा शिकंजा, अब ‘100’ और ‘112’ पर डायल कर सीधे करें शिकायत

हेल्पलाइन 100 और डायल 112 पर तुरंत दर्ज होगी शिकायत

महाराष्ट्र पुलिस महानिदेशक कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक परिपत्र के अनुसार, राज्य में गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू जैसे प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री, आवाजाही और स्टॉक पर पूरी तरह नकेल कसने के लिए यह फैसला लिया गया है। पहले जहां नागरिकों को खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के टोल-फ्री नंबर पर निर्भर रहना पड़ता था, वहीं अब नागरिकों की सुविधा और त्वरित एक्शन के लिए पुलिस के आपातकालीन नंबर 100 और 112 को भी इस अभियान से सीधे जोड़ दिया गया है। जैसे ही कंट्रोल रूम पर ऐसी कोई सूचना मिलेगी, उसे तत्काल संबंधित स्थानीय पुलिस स्टेशन को भेजा जाएगा ताकि तुरंत छापेमारी और कानूनी कार्रवाई की जा सके।

FDA का टोल-फ्री नंबर भी रहेगा सक्रिय

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) द्वारा प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों की शिकायतों के लिए पहले से संचालित टोल-फ्री नंबर 1800222365 भी सुचारू रूप से कार्य करता रहेगा। नागरिक अपनी सुविधानुसार एफडीए के नंबर या सीधे पुलिस हेल्पलाइन 100/112 पर संपर्क कर गुप्त सूचना दे सकते हैं।

सभी पुलिस कमिश्नर और एसपी को जनजागरूकता के निर्देश

विशेष पुलिस महानिरीक्षक (कानून व व्यवस्था) डॉ. मनोज कुमार शर्मा की ओर से राज्य के सभी पुलिस आयुक्तों (CPs) और पुलिस अधीक्षकों (SPs - रेलवे सहित) को निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि आम जनता को इन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देने के लिए प्रिंट मीडिया, ब्रॉडकास्ट (टीवी/रेडियो) और डिजिटल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए।

नागरिक इन नंबरों पर दर्ज करा सकते हैं शिकायत:

 * पुलिस आपातकालीन सेवा: 112 (Dial 112)

 * पुलिस कंट्रोल रूम: 100

 * खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) टोल-फ्री नंबर: 1800222365