महिला-सुरक्षा

शिर्डी में साईं मंदिर के बाहर खीरा बेचने वाली महिला पर जानलेवा हमला, महिलाओं ने धारदार हथियार से किया वार; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

महाराष्ट्र के शिर्डी में साईं मंदिर के गेट नंबर 4 के बाहर खीरा और कच्ची कैरी बेचने वाली 30 वर्षीय जयश्री साईनाथ क्षीरसागर पर तीन से चार अज्ञात महिलाओं ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला का साईं संस्थान के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है, जबकि मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Priyanka Gaikwad20 जुल. 2026, 09:55 PM IST
खबर शेयर करें:
शिर्डी के साईं मंदिर परिसर में रविवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों में दहशत फैला दी। मंदिर के गेट नंबर 4 के बाहर खीरा और कच्ची कैरी बेचने वाली 30 वर्षीय जयश्री साईनाथ क्षीरसागर पर तीन से चार अज्ञात महिलाओं ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, जयश्री क्षीरसागर रोज की तरह अपने ठेले पर ग्राहकों को सामान बेच रही थीं। इसी दौरान कुछ महिलाएं वहां पहुंचीं और अचानक उन पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए। हमले में जयश्री गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत साईं संस्थान के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही शिर्डी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। साईं मंदिर जैसे अत्यधिक भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील धार्मिक स्थल के बाहर इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में सुरक्षा बढ़ाने, पुलिस गश्त तेज करने और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाने की मांग की है।

घायल महिला के पति ने मीडिया से बातचीत में कहा, "मेरी पत्नी का किसी से कोई विवाद नहीं था। इसके बावजूद तीन-चार महिलाओं ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। अगर साईं मंदिर परिसर के बाहर भी ऐसी घटनाएं हो रही हैं, तो आखिर शिर्डी कितना सुरक्षित है?" फिलहाल शिर्डी पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमलावर महिलाओं की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आएगी।