crime
मुंबई: अंधेरी से 4.60 लाख रुपये के एमडी ड्रग्स के साथ 36 वर्षीय तस्कर गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई
मुंबई: मुंबई क्राइम ब्रांच के एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) की बांद्रा यूनिट ने अंधेरी वेस्ट इलाके में जाल बिछाकर एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 153.6 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4,60,800 रुपये है।

एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) की बांद्रा यूनिट को 7 सितंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि अंधेरी वेस्ट में भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीला पदार्थ सप्लाई के लिए लाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सी.डी. बर्फीवाला रोड स्थित 'मानो बीना अपार्टमेंट' बस स्टॉप के पास, वेस्ट 10 कंस्ट्रक्शन के सामने सार्वजनिक स्थान पर घेराबंदी की।
संदेह के आधार पर रोके गए व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास से 153.6 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) बरामद हुआ, जिसके बाद उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद जमीर अब्दुल अजीज खान (उम्र 36 वर्ष), निवासी अंधेरी पश्चिम, मुंबई के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ अवैध रूप से नशीला पदार्थ रखने और बेचने के आरोप में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई मुंबई के पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त (ANC) पौर्णिमा चौगुले (श्रींगी) और सहायक पुलिस आयुक्त सुधीर हिरडेकर के मार्गदर्शन में बांद्रा यूनिट के प्रभारी पुलिस निरीक्षक विशाल चंदनशिवे के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।
