women-health
'गोरी ब्यूटी क्रीम' के इस्तेमाल से बढ़ रहा है किडनी फेलियर !
महाराष्ट्र FDA ने पाकिस्तान निर्मित 'गोरी ब्यूटी क्रीम' (Goree Beauty Cream) सहित तीन स्किन-व्हाइटनिंग क्रीम्स पर प्रतिबंध लगा दिया है | लैब जांच में इन क्रीमों में मरकरी (पारा) की मात्रा तय सीमा से 752 गुना तक अधिक और लेड (सीसा) का खतरनाक स्तर पाया गया है |
Vindhya Dubey14 जुल. 2026, 12:14 AM IST

मुंबई: त्वचा को गोरा और चमकदार बनाने का दावा करने वाली Goree Beauty Cream को लेकर महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने गंभीर चेतावनी जारी की है। विभाग ने उपभोक्ताओं से इस क्रीम के इस्तेमाल से बचने की अपील की है। जांच में इस क्रीम के साथ Face Fresh Gold और Golden Star Beauty Cream में मरकरी (Mercury) और लेड (Lead) जैसे भारी धातुओं की मात्रा निर्धारित सुरक्षा सीमा से अधिक पाई गई है। FDA के अनुसार, इन उत्पादों का लंबे समय तक इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि मरकरी और लेड जैसे तत्व किडनी, तंत्रिका तंत्र (नर्वस सिस्टम) और त्वचा पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। लगातार संपर्क में रहने से शरीर में इन धातुओं का स्तर बढ़ सकता है, जिससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका रहती है। जांच के दौरान अधिकारियों ने यह भी पाया कि कुछ उत्पादों की पैकेजिंग पर निर्माता का नाम, बैच नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट जैसी अनिवार्य जानकारी स्पष्ट रूप से दर्ज नहीं थी। ऐसे उत्पाद उपभोक्ता सुरक्षा मानकों पर भी सवाल खड़े करते हैं।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, नागपुर में कुछ महिलाओं में किडनी संबंधी स्वास्थ्य समस्याएं सामने आने के बाद इन उत्पादों की जांच शुरू की गई। हालांकि, अधिकारियों ने यह स्पष्ट किया है कि हर मामले में बीमारी का कारण केवल यही क्रीम थी, ऐसा निष्कर्ष नहीं निकाला गया है और मामले की जांच जारी है। महाराष्ट्र FDA ने विक्रेताओं और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स को इन उत्पादों की बिक्री रोकने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि यदि वे इन क्रीमों का उपयोग कर रहे हैं, तो तुरंत इसका इस्तेमाल बंद करें और किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर चिकित्सक से परामर्श लें।
