child-development

हर पात्र महिला और बच्चे तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ, अन्नपूर्णा देवी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने पश्चिम बंगाल में केंद्र सरकार की महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और पात्र लाभार्थियों तक समय पर लाभ पहुंचाने के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।

Vindhya Dubey21 अग. 2026, 08:13 PM IST
खबर शेयर करें:
हर पात्र महिला और बच्चे तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ, अन्नपूर्णा देवी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

कोलकाता में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने पश्चिम बंगाल में मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में केंद्र और राज्य के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय, योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और पात्र महिलाओं व बच्चों तक लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के महिला-नेतृत्व वाले विकास और विकसित भारत के विजन को साकार करने के लिए केंद्र और राज्यों के बीच समन्वित कार्रवाई जरूरी है। मंत्री ने कहा, “समीक्षा को कार्रवाई में, कार्रवाई को परिणाम में और परिणाम को परिवर्तन में बदलना होगा।”

image003FTUN.jpg


अन्नपूर्णा देवी ने योजनाओं को जमीनी स्तर पर समयबद्ध तरीके से लागू करने, पारदर्शिता बनाए रखने और रियल-टाइम मॉनिटरिंग को मजबूत करने पर जोर दिया। उनका कहना था कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ उन्हीं लोगों तक पहुंचना चाहिए, जो इसके पात्र हैं। बैठक में पश्चिम बंगाल में मिशन शक्ति, मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 और मिशन वात्सल्य के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। योजनाओं की निगरानी और लाभार्थियों तक सेवाओं की पहुंच बेहतर बनाने के लिए पोषण ट्रैकर और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) पोर्टल जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी इस्तेमाल पर भी चर्चा हुई।


बैठक में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मालती रावा रॉय, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव अनिल मलिक समेत केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री ने राज्य सरकार के अधिकारियों की भागीदारी के लिए आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि बेहतर समन्वय और साझा प्रतिबद्धता के माध्यम से पश्चिम बंगाल की महिलाओं और बच्चों को केंद्र सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ मिल सकेगा। इस बीच, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की संसद सदस्यों की परामर्श समिति की बैठक 21 अगस्त को कोलकाता में प्रस्तावित है। इसकी अध्यक्षता भी केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी करेंगी। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर और समिति के सांसद सदस्य शामिल होंगे।