general

नशे के खिलाफ दिल्ली में बड़ा मंथन, अमित शाह करेंगे बैठक का उद्घाटन

नई दिल्ली में आज राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के Anti-Narcotics Task Force (ANTF) प्रमुखों का तीसरा राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। बैठक में ड्रग तस्करी, सिंथेटिक ड्रग्स, ड्रग कार्टेल, अवैध खेती और Darknet-Crypto के जरिए होने वाली तस्करी पर रोक लगाने की रणनीति पर चर्चा होगी।

Neha Sharma26 सित. 2026, 01:52 PM IST
खबर शेयर करें:
नशे के खिलाफ दिल्ली में बड़ा मंथन, अमित शाह करेंगे बैठक का उद्घाटन

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। दो दिवसीय यह सम्मेलन देश में मादक पदार्थों की तस्करी और नशीली दवाओं के दुरुपयोग से निपटने की रणनीति पर केंद्रित रहेगा।


सम्मेलन में देश के सभी 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के ANTF प्रमुखों के साथ संबंधित सरकारी विभागों और अन्य हितधारकों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम की थीम “समूहिक संकल्प, साझा दायित्व” (United Resolve, Shared Responsibility) रखी गई है। इसमें नारकोटिक्स नियंत्रण के लिए जारी विजन डॉक्यूमेंट 2026-29 के तहत राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को दिए गए लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।


ड्रग कार्टेल और सिंथेटिक ड्रग्स पर रहेगा फोकस

सम्मेलन में ड्रग तस्करी के नेटवर्क और कार्टेल को खत्म करने, सिंथेटिक ड्रग्स तथा गुप्त प्रयोगशालाओं से निपटने और नशीले पदार्थों की अवैध खेती को रोकने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा डार्कनेट और क्रिप्टो से जुड़ी जांच को मजबूत करने पर भी विचार किया जाएगा। कार्यक्रम में आठ तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रवर्तन, खुफिया एवं ऑपरेशन, प्रीकर्सर और सिंथेटिक ड्रग्स नियंत्रण, मांग एवं नुकसान में कमी तथा क्षमता निर्माण और समन्वय जैसे चार प्रमुख रणनीतिक क्षेत्रों को शामिल किया गया है।


लखनऊ और देहरादून में NCB कॉम्प्लेक्स की आधारशिला

अमित शाह इस अवसर पर लखनऊ और देहरादून में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के नए जोनल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला भी रखेंगे। इसके साथ ही ड्रग्स के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए टेलीविजन कमर्शियल जारी किए जाएंगे। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले ANTF को सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान NCB की नई वेबसाइट भी लॉन्च की जाएगी।


सप्लाई, डिमांड और हार्म रिडक्शन पर रणनीति

सम्मेलन में मादक पदार्थों की उपलब्धता और तस्करी को कम करने के साथ-साथ नशीली दवाओं की मांग को कम करने तथा नुकसान कम करने से जुड़े उपायों को और प्रभावी बनाने पर चर्चा होगी। सरकार के अनुसार, राज्यों, केंद्र और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के जरिए अगले तीन वर्षों के लिए ड्रग नियंत्रण की रणनीति को मजबूत करने पर जोर रहेगा। इस सम्मेलन का उद्देश्य केंद्र और राज्यों की एजेंसियों के बीच समन्वय को मजबूत करना तथा ड्रग तस्करी से जुड़े मामलों में कानून के प्रभावी प्रवर्तन के लिए साझा रणनीति तैयार करना है।