general
दिल्ली पुलिस भर्ती की दौड़ में 23 वर्षीय अभ्यर्थी की मौत, रेस के दौरान बिगड़ी तबीयत
दिल्ली के वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस अकादमी में कॉन्स्टेबल भर्ती के PEMT के दौरान 23 वर्षीय अभ्यर्थी सौरव कुमार की मौत हो गई। रेस के तीन राउंड पूरे करने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और वह ट्रैक के किनारे बेहोश होकर गिर पड़े। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दिल्ली पुलिस में कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए चल रहे फिजिकल एंड्योरेंस एंड मेजरमेंट टेस्ट (PEMT) के दौरान सोमवार को एक दुखद घटना सामने आई। वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस अकादमी (DPA) में फिजिकल टेस्ट में शामिल 23 वर्षीय अभ्यर्थी सौरव कुमार की दौड़ के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सौरव कुमार उत्तर प्रदेश के अनूपशहर क्षेत्र के सलामतपुर स्थित नेता नगर गांव के रहने वाले थे। वह दिल्ली पुलिस में भर्ती होने के लिए आयोजित शारीरिक परीक्षा में हिस्सा लेने दिल्ली आए थे। सोमवार सुबह करीब 9:09 बजे वह रेस इवेंट में शामिल हुए।
बताया गया कि सौरव ने दौड़ के शुरुआती तीन राउंड सफलतापूर्वक पूरे किए। इसके बाद उन्हें परेशानी महसूस हुई। उन्होंने दौड़ जारी रखने के बजाय ट्रैक के किनारे जाने का फैसला किया, जहां कुछ अन्य अभ्यर्थी पहले से बैठे हुए थे। वहां पहुंचते ही वह अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। सौरव को गिरते देख मैदान पर मौजूद ग्राउंड स्टाफ तुरंत हरकत में आया। मेडिकल टीम और एंबुलेंस को तत्काल सूचना दी गई। मौके पर पहले से तैनात एंबुलेंस कुछ ही समय में वहां पहुंच गई। पैरामेडिक्स ने सौरव को तत्काल सीपीसीआर दिया और उनकी हालत को देखते हुए उन्हें बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने सौरव की जांच की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद दिल्ली पुलिस की ओर से उनके परिवार और रिश्तेदारों को सूचना दी गई। इस घटना के बाद भर्ती प्रक्रिया में शामिल अन्य अभ्यर्थियों के बीच भी चिंता का माहौल बन गया। पुलिस ने घटना से जुड़ी आवश्यक जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच स्थानीय पुलिस को सौंपी गई है। फिलहाल सौरव की मौत की सटीक वजह स्पष्ट नहीं है। दौड़ के दौरान उनकी तबीयत अचानक क्यों बिगड़ी और मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
