general

नाना पाटेकर का राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार, महाराष्ट्र सरकार ने किया ऐलान

दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। गोवा स्थित उनके आवास पर कार्डियक अरेस्ट के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब 45 मिनट तक CPR के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। महाराष्ट्र सरकार ने उनके अंतिम संस्कार को पूर्ण शासकीय सम्मान के साथ कराने का फैसला किया है। अंतिम संस्कार आज पुणे के पास डोणजे स्थित उनके फार्महाउस पर किया जाएगा।

Kalpana Gautam08 अक्टू. 2026, 01:42 PM IST
खबर शेयर करें:
नाना पाटेकर का राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार, महाराष्ट्र सरकार ने किया ऐलान

हिंदी और मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का गुरुवार, 8 अक्टूबर को 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने गोवा स्थित अपने आवास पर आखिरी सांस ली। अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक, उन्हें गंभीर कार्डियक अरेस्ट के बाद अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों ने करीब 45 मिनट तक CPR देकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।


नाना पाटेकर के निधन की पुष्टि उनके बेटे मल्हार पाटेकर ने भी की है। निधन की खबर सामने आते ही फिल्म जगत और देशभर में शोक की लहर दौड़ गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई प्रमुख हस्तियों ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया।


इस बीच महाराष्ट्र सरकार ने नाना पाटेकर को अंतिम विदाई राजकीय सम्मान के साथ देने का फैसला किया है। महाराष्ट्र के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशिष शेलार ने बताया कि मराठी रंगमंच के साथ-साथ हिंदी और मराठी सिनेमा में नाना पाटेकर के अतुलनीय योगदान को देखते हुए उनका अंतिम संस्कार पूर्ण शासकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।


नाना पाटेकर के पार्थिव शरीर को आज पुणे लाया जाएगा। रिपोर्टों के मुताबिक, पुणे के पास डोणजे स्थित उनके फार्महाउस पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। आकाशवाणी की रिपोर्ट के अनुसार, अंतिम संस्कार आज शाम करीब 4 बजे निर्धारित है।


करीब पांच दशक लंबे करियर में नाना पाटेकर ने मराठी रंगमंच से लेकर हिंदी और मराठी फिल्मों तक अपनी अलग पहचान बनाई। परिंदा, क्रांतिवीर, अब तक छप्पन, राजनीति, वेलकम और नटसम्राट जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा। उन्हें तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया था।

नाना पाटेकर के निधन के साथ भारतीय सिनेमा ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया है, जिसकी दमदार आवाज, संवाद अदायगी और अभिनय शैली ने कई पीढ़ियों के दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी।