general

हिमाचल में बड़ा हादसा टला! भारी बर्फबारी के बीच लापता हुए 5 ट्रेकर्स सुरक्षित ट्रेस

हिमाचल प्रदेश की धौलाधार पर्वत श्रृंखला में भारी बर्फबारी के बीच लापता हुए पांच ट्रेकर्स को आखिरकार सुरक्षित ट्रेस कर लिया गया है। सभी ट्रेकर्स 5 अक्टूबर को कांगड़ा के बीड़ से बड़ा भंगाल की ओर निकले थे। निर्धारित समय पर भर्मौर नहीं पहुंचने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया था। सैटेलाइट फोन के जरिए मिली जानकारी के बाद उनकी लोकेशन बड़ा भंगाल में मिली। खराब मौसम और दुर्गम पहाड़ी रास्ते के कारण उनसे संपर्क स्थापित करना चुनौतीपूर्ण रहा।

Kalpana Gautam08 अक्टू. 2026, 02:05 PM IST
खबर शेयर करें:
हिमाचल में बड़ा हादसा टला! भारी बर्फबारी के बीच लापता हुए 5 ट्रेकर्स सुरक्षित ट्रेस

हिमाचल प्रदेश के धौलाधार रेंज में भारी बर्फबारी के बीच लापता हुए पांच ट्रेकर्स को सुरक्षित ट्रेस कर लिया गया है। यह खबर सामने आने के बाद प्रशासन और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है। पांचों ट्रेकर्स हिमाचल के कांगड़ा जिले के बीड़ से निकलकर बेहद दुर्गम बड़ा भंगाल क्षेत्र की ओर जा रहे थे।


जानकारी के मुताबिक, पांचों ने 5 अक्टूबर को बीड़ से अपनी यात्रा शुरू की थी। वे राजगुंधा होते हुए बड़ा भंगाल और आगे चंबा जिले के भर्मौर पहुंचने वाले थे। बुधवार को जब वे निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचे तो उन्हें रिसीव करने वाली एक महिला ने प्रशासन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद भर्मौर और बैजनाथ प्रशासन ने उनके बारे में पता लगाने की कोशिश शुरू की।


लापता बताए गए ट्रेकर्स की पहचान अंकुर मालानी, सत्यम साबू, पवन, श्याम आर. और तरुण राठी के रूप में हुई है। इनकी उम्र करीब 28 से 35 वर्ष के बीच बताई गई है। इस पूरे मामले में सबसे बड़ी चुनौती खराब मौसम और भारी बर्फबारी बनी। पिछले दो दिनों में धौलाधार की ऊंची पहाड़ियों और थमसर पास के आसपास मौसम बेहद खराब रहा। लगभग 5,000 मीटर की ऊंचाई पर स्थित थमसर पास का मौसम तेजी से बदलने के लिए जाना जाता है। बर्फबारी के कारण रास्ते पर आवाजाही मुश्किल हो गई और संचार व्यवस्था भी प्रभावित हुई।


शुरुआती जानकारी में आशंका जताई गई थी कि ट्रेकर्स थमसर पास या उसके आसपास फंस गए होंगे। स्थानीय चरवाहों से यह जानकारी भी मिली थी कि समूह राजगुंधा पार कर चुका था। हालांकि, बाद में प्रशासन को बड़ी राहत मिली। भर्मौर के एसडीएम विकास शर्मा के अनुसार, एक स्थानीय व्यक्ति ने सैटेलाइट फोन के जरिए जानकारी दी कि पांचों ट्रेकर्स बड़ा भंगाल में मिल गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, उनके जल्द ऐसे इलाके में पहुंचने की उम्मीद है जहां मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध हो सके। 


प्रशासन ने इस घटना के बाद ट्रेकिंग को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा मौसम में इस इलाके में ट्रेकिंग करना जोखिम भरा है। हिमाचल प्रदेश सरकार का आधिकारिक ट्रेकिंग मैनेजमेंट सिस्टम भी ट्रेकर्स को अपनी यात्रा की जानकारी पहले से प्रशासन को देने की व्यवस्था उपलब्ध कराता है, ताकि जरूरत पड़ने पर उनकी लोकेशन और सुरक्षा को लेकर मदद की जा सके।