नवरात्रि और रामलीला समारोह को देखते हुए दिल्ली नगर निगम ने साफ-सफाई और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नगर निगम ने नवरात्र के दौरान मंदिरों के आसपास स्थित मांस की दुकानों को बंद रखने का आदेश दिया है। इसके साथ ही दिल्ली के सभी प्रमुख रामलीला स्थलों और पूजा स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्षा सत्या शर्मा ने एमसीडी कमिश्नर को इस संबंध में जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने सभी जोनल डिप्टी कमिश्नर्स को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित मंदिरों और रामलीला स्थलों का निरीक्षण करने को कहा है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है कि त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं को साफ और व्यवस्थित माहौल मिले। सत्या शर्मा ने निर्देश दिया कि रामलीला मैदानों, मंदिरों और उनके आसपास के इलाकों में नियमित रूप से सफाई कराई जाए। आयोजन स्थलों पर पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान उपलब्ध कराए जाएं और जमा होने वाले कचरे को समय पर उठाया जाए। भीड़ बढ़ने के कारण कचरा प्रबंधन की व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए पूरे नवरात्र के दौरान निगरानी रखने को कहा गया है।
नवरात्रि और रामलीला के दौरान मंदिरों और आयोजन स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में इन स्थानों पर सफाई व्यवस्था बनाए रखना नगर निगम के लिए महत्वपूर्ण है। सत्या शर्मा ने अधिकारियों को साफ-सफाई को प्राथमिकता देने और किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर उसका तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम ने सफाई के साथ-साथ मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए भी विशेष इंतजाम करने को कहा है। मंदिरों और आयोजन स्थलों के आसपास लार्वा रोधी उपाय करने और जरूरत के अनुसार फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों को इन सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा गया है। खास तौर पर उन इलाकों पर नजर रखने के निर्देश हैं जहां त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होंगे। नगर निगम का उद्देश्य नवरात्र और रामलीला के दौरान साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखना है।