child-development

ठाणे में दर्दनाक हादसा: चॉल की गैलरी गिरने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत, दो घायल

ठाणे में एक पुराने घर का हिस्सा गिरने से 12 वर्षीय लड़के जयकुमार जायसवाल की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के दो सदस्य घायल हो गए।

Vindhya Dubey14 जुल. 2026, 12:14 AM IST
खबर शेयर करें:
ठाणे में दर्दनाक हादसा: चॉल की गैलरी गिरने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत, दो घायल
ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ठाणे पश्चिम के ब्रह्मांड क्षेत्र स्थित आज़ाद नगर की मद्रास चॉल में एक पुरानी इमारत की गैलरी का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में 12 वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक महिला और 9 वर्षीय बच्चा घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। अचानक ऊपर की गैलरी टूटकर नीचे बने मकान पर आ गिरी, जिससे तीन लोग मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी।

सूचना मिलते ही ठाणे नगर निगम (TMC) की क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन टीम, दमकल विभाग और कपूरबावड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। बचाव दल ने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल 12 वर्षीय बच्चे को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दो घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद प्रशासन ने एहतियातन चॉल के तीन मकानों को खाली करा लिया है और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। प्रारंभिक जांच में इमारत काफी पुरानी बताई जा रही है, हालांकि गैलरी गिरने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। घटना ने एक बार फिर पुरानी और जर्जर इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसी इमारतों का तत्काल सर्वेक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.